लापता पति की जमीन हड़पने के लिए फर्जी हस्ताक्षर से विक्रय और बंधक पत्र पंजीकृत कराने का गंभीर आरोप – Waqt Ki Nazar

लापता पति की जमीन हड़पने के लिए फर्जी हस्ताक्षर से विक्रय और बंधक पत्र पंजीकृत कराने का गंभीर आरोप

देहरादून, देहरादून में जमीनों के कथित फर्जीवाड़े का एक गंभीर मामला सामने आया है। धामावाला बाजार निवासी डिंपल बोबल ने राजेश ढोढी एवं उसके सहयोगियों पर अपने लापता पति अमित बोबल की बालावाला एवं ग्राम द्वारा स्थित दोनों क्षेत्र अंतर्गत रायपुर थाना में भूमि को कथित फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से हड़पने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल रेंज से शिकायत दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार, 22 जून 2022 को ऋषिकेश के लक्ष्मण झूला क्षेत्र में गंगा नदी के किनारे हुए हादसे में उनके पति अमित बोबल तेज बहाव में बहकर लापता हो गए थे। उन्हें बचाने के तमाम प्रयासों के बावजूद आज तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है। इस संबंध में थाना लक्ष्मण झूला में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज है।
पीड़िता का आरोप है कि पति के लापता होने के बाद उनकी असहाय एवं मानसिक रूप से कमजोर परिस्थितियों का लाभ उठाकर उनके पति के व्यापारिक परिचित राजेश डोडी ने भाई जैसा विश्वास जीतकर उनसे कोरे कागजों, खाली स्टाम्प पेपरों एवं अन्य दस्तावेजों पर हस्ताक्षर तथा अंगूठे के निशान करवाए। इतना ही नहीं, पीड़िता के अनुसार, राजेश डोडी उनके घर से नगदी, सोने-चांदी के आभूषण, संपत्ति के मूल दस्तावेज एवं हस्ताक्षरित बैंक चेक भी सुरक्षित रखने के बहाने अपने साथ ले गया।
डिंपल बोबल ने आरोप लगाया है कि 6 महीने पूर्व जब उन्होंने अपने सामान एवं दस्तावेज वापस मांगे तो राजेश डोडी ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए बंदूक होने की बात कही और उन्हें तथा उनके दोनों बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। और यहां तक की कोतवाली थाना पुलिस एवं रायपुर थाने में उनके विरुद्ध फर्जी एफआईआर पंजीकृत की गई है जिससे उनकी भूमि धारा धमकाकर एवं जेल भेजने की बात कह कर पीड़िता को चुप कराया जा सके।
मामले में सबसे गंभीर आरोप यह है कि पीड़िता को जानकारी मिली कि उनके पति के नाम से बालावाला एवं ग्राम द्वारा स्थित भूमि के संबंध में एक फर्जी अनुबंध पत्र तथा एक अन्य बंधक पत्र तैयार कराकर पंजीकृत कराए गए हैं। इन दस्तावेजों में उनके पति अमित बोबल के फर्जी हस्ताक्षर दर्शाए गए हैं, यह साजिश राजेश डोडी ने पीड़िता के पति के 22 जून 2022 को नदी में डूबने के कारण लापता होने के बाद रची जो आज तक बरामद नहीं हुए हैं। पीड़िता का दावा है कि उनके पति के हस्ताक्षर फर्जी हैं और उनकी जानकारी एवं वास्तविक सहमति के बिना दस्तावेजों में उनके हस्ताक्षरों का भी इस्तेमाल किया गया है। कथित दस्तावेजों में उन्हें गवाह के रूप में दर्शाए जाने पर भी उन्होंने गंभीर आपत्ति जताई है।
पीड़िता ने बताया कि उन्होंने 11 सितंबर 2026 को थाना रायपुर में शिकायत दी थी, लेकिन उन्हें प्राप्ति रसीद नहीं दी गई। इसके बाद उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून के समक्ष भी शिकायत प्रस्तुत की। 15 सितंबर 2026 को सिविल न्यायालय, सीनियर डिवीजन, देहरादून से संबंधित एक केविएट की प्रति प्राप्त होने के बाद उन्होंने न्यायालय एवं संबंधित अभिलेखों से जानकारी जुटाई, जिसमें कथित विक्रय पत्र एवं बंधक पत्र की जानकारी सामने आई।
पीड़िता की प्रमुख मांगें हैं कि राजेश डोडी एवं इस कथित षड्यंत्र में शामिल अन्य सभी व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी दर्ज की जाए। विक्रय पत्र एवं बंधक पत्र में दर्शाए गए अमित बोबल के हस्ताक्षरों की फॉरेंसिक जांच कराई जाए। संबंधित दस्तावेजों के निष्पादन, गवाहों, पंजीकरण प्रक्रिया एवं संबंधित अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच हो। पीड़िता से प्राप्त किए गए हस्ताक्षरित कोरे कागजों, स्टाम्प पेपरों एवं अन्य दस्तावेजों के दुरुपयोग की जांच की जाए, नगदी, सोने-चांदी के आभूषण, मूल संपत्ति दस्तावेज एवं अन्य सामान बरामद कराया जाए, बालावाला एवं ग्राग द्वारा स्थित संपत्तियों को कथित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर आगे हस्तांतरित या खुर्द-बुर्द होने से रोकने के लिए नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाए, पीड़िता एवं उनके दोनों बच्चों को जान-माल की सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। डिंपल बोबल ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे सामान्य संपत्ति विवाद मानकर नजरअंदाज न किया जाए, बल्कि कथित जालसाजी, धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र, धमकी एवं संपत्ति हड़पने के प्रयास के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। पीड़िता का कहना है कि उनके पति के लापता होने की त्रासदी के बाद अब उनके और उनके बच्चों के भविष्य एवं संपत्ति की सुरक्षा का सवाल खड़ा हो गया है। उन्हें न्याय और सुरक्षा दिलाना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रेस वार्ता में सोशल एक्टिविस्ट सुजाता पॉल ने पुलिस के कार्यप्रणाली एवं प्रशासन द्वारा कथित बंधक पत्र एवं अनुबंध पत्र पंजीकृत किए जाने पर गंभीर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की, पीड़िता के अधिवक्ता पंकज सिंह क्षेत्री ने कहा कि पुलिस तत्काल पीड़िता की भी एफआईआर पंजीकृत करें और निष्पक्ष रूप से जांच करें उन्होंने कहा कि इस सम्बंध में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी को भी शिकायत प्रार्थना पत्र प्रेषित किया गया है जिस पर उन्हें उम्मीद है कि महिला अपराध पर बड़े वायदे करने वाली धामी सरकार पीड़िता डिंपल बोबल को भी न्याय दिलायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *