मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत उत्तराखंड में ग्रामीण सड़क संपर्क बढ़ाने, पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क सुविधाओं को मजबूत करने तथा सड़क एवं पुल निर्माण के प्रस्तावों पर चर्चा हुई।
315 मोटर मार्ग और 32 पुल
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-4 के तहत उत्तराखंड के लिए 315 मोटर मार्गों, जिनकी कुल लंबाई 1,777 किलोमीटर है, के निर्माण के लिए 2,526 करोड़ रुपये की लागत के प्रस्ताव दिए गए हैं।
इसके अतिरिक्त 32 पुलों के निर्माण के लिए 182 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं। इस तरह सड़क और पुल निर्माण से जुड़े कार्यों की कुल प्रस्तावित लागत 2,708 करोड़ रुपये है।
610 बस्तियों को सड़क से जोड़ने का लक्ष्य
प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश की 610 बस्तियों को सड़क संपर्क से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
सड़क कनेक्टिविटी बढ़ने से विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने, मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं लेने, किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने और ग्रामीणों को रोजगार तथा आजीविका के अवसरों से जुड़ने में मदद मिलने की उम्मीद है।
213 अतिरिक्त सड़क प्रस्तावों पर भी चर्चा
बैठक में 213 अतिरिक्त सड़क कार्यों के प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई, जिनकी कुल लंबाई 1,360 किलोमीटर है। केंद्रीय मंत्री ने इन प्रस्तावों पर भी शीघ्र स्वीकृति के लिए विचार करने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यटन, स्थानीय उत्पादों, स्वरोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।