मसूरी वन प्रभाग के विभिन्न क्षेत्रों में पेड़ों के कथित अवैध कटान, घटते वन क्षेत्र, सूखते जलस्रोतों और वन भूमि पर अतिक्रमण की शिकायतों को लेकर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रविंद्र जुगलान के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने डीएफओ देवी प्रसाद बलूनी से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
रविंद्र जुगलान ने कहा कि मसूरी के पर्वत और वन क्षेत्र केवल स्थानीय पर्यावरण के लिए ही नहीं बल्कि देहरादून की बड़ी आबादी के लिए भी महत्वपूर्ण हैं। ये वन जलस्रोतों के संरक्षण, स्वच्छ पानी और शुद्ध हवा बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने वन भूमि पर कथित अतिक्रमण और अवैध निर्माण का मुद्दा भी उठाया।
डीएफओ देवी प्रसाद बलूनी ने कहा कि वन विभाग मौजूदा वन कानूनों और नियमों के तहत संरक्षण का काम कर रहा है तथा प्राप्त शिकायतों पर कानूनी प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जाती है। प्रतिनिधिमंडल ने अवैध कटान, अतिक्रमण और जलस्रोतों से जुड़ी शिकायतों पर प्रभावी निगरानी और आवश्यक कार्रवाई की मांग की।