अपने प्रदेश के एम्बेसेडर बनें-युवा संगम के पांचवें चरण के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करें

देहरादून, देशभर के हजारों युवाओं को अपने राज्य/केन्द्रीय शासित प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर दिया जा रहा है, और वे ऐसा कर सकते हैं शिक्षा मंत्रालय द्वारा ’एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के अंतर्गत लांच किए गए एक अनूठे कार्यक्रम ’युवा संगम’ के जरिए। यह युवा संगम का पांचवां चरण हैं और ऑनलाइन पंजीकरण 21 अक्टूबर 2024 तक खुला है। 18 से 30 वर्ष के आयु वर्ग के इच्छुक युवा अंतिम तारीख से पहले युवा संगम पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं; इन उम्मीदवारों में मुख्यतः विद्यार्थी, एनएसएस/एनवायकेएस वॉलंटियर, नौकरी/स्वरोजगार करने वाले आदि युवा ही शामिल हो सकते हैं। ऑफ-कैम्पस विद्यार्थियों से भी पंजीकरण करने का आग्रह किया जाता है जिन्होंने ऑनलाइन कोर्स, कौशल संस्थान आदि में दाखिला लिया है।
’’विद्यार्थियों एवं युवा पेशेवरों के लिए यह बहुत उत्साहजनक अवसर है। इस 5-7 दिनों की परिवर्तनकारी यात्रा में वे अपने देश, देश के लोगों और यहां तक की खुद अपने बारे में भी बहुत कुछ नया जानेंगे व सीखेंगे। युवा संगम सहभागियों को अवसर देता है कि वे भारत की विविधता को स्वयं अनुभव करें, सांस्कृतिक-सामाजिक समानताओं व चुनौतियों को पहचानें, तथा समस्याओं के लिए समावेशी समाधान विकसित करें अथवा अपनी पेशेवर/अकादमिक विशेषज्ञता के जरिए अवसरों का लाभ उठाएं,’’ शिक्षा मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा। युवा संगम का उद्देश्य है पहुंच व समझ के जरिए भारत के विस्तृत क्षेत्रों के मध्य जुड़ाव को गहरा करना। यह पहल जागरुक एवं समानुभूतिपूर्ण नागरिकों की नवीन पीढ़ी को पोषित करते हुए राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाएगी। भारत के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों के बीच इस सतत् एवं संरचित सांस्कृतिक सम्पर्क का विचार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 31 अक्टूबर 2015 को सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के मौके पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस के दौरान प्रस्तावित किया था। इस विचार को मूर्त रूप देने के लिए 31 अक्टूबर 2016 को ’एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम लांच किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *