देहरादून। उत्तराखंड में वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। आए दिन जंगली जानवरों के रिहायशी इलाकों में पहुंचने और लोगों पर हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं। खासकर स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों और प्रशासन की चिंता लगातार बढ़ रही है।
इसी कड़ी में कोटद्वार के विकासखंड एकेश्वर की मवालस्यूं पट्टी स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय सासौं में शनिवार सुबह दहशत का माहौल बन गया। प्रार्थना सभा के दौरान अचानक दो गुलदार स्कूल परिसर के पास पहुंच गए जिससे वहां मौजूद छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में अफरा-तफरी मच गई।
बताया गया कि उसी समय गांव के वाहन चालक शुभम रावत टैक्सी कैब से वहां से गुजर रहे थे। उनकी नजर स्कूल की चहारदीवारी के पास घूम रहे दो गुलदारों पर पड़ी। उन्होंने तुरंत शोर मचाकर ग्रामीणों को सतर्क किया और लगातार कार का हॉर्न बजाया।
ग्रामीणों की आवाज और हॉर्न की तेज ध्वनि सुनकर दोनों गुलदार जंगल की ओर भाग गए। सहायक अध्यापक विकास चंद्र कैंथोला ने बताया कि सूचना मिलते ही बच्चों को तुरंत सुरक्षित तरीके से कक्षाओं में पहुंचाया गया। अचानक हुई इस घटना से बच्चे काफी डरे और सहमे हुए दिखाई दिए।
घटना के बाद विद्यालय प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सोमवार और मंगलवार को स्कूल बंद रखने का फैसला लिया है ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।