आधुनिक भारत की नींव रखने वाले नेहरू को कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि – Waqt Ki Nazar

आधुनिक भारत की नींव रखने वाले नेहरू को कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि

मसूरी, शहर कांग्रेस की ओर से देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती बाल दिवस के रूप में उत्साहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मालरोड स्थित जवाहर एक्वेरियम पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही देश की आजादी और आधुनिक भारत के निर्माण में उनके योगदान को याद किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने पंडित नेहरू अमर रहें के नारे लगाए। इस मौके पर अमित गुप्ता ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और आजादी के बाद देश के प्रथम प्रधानमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली। उनके कार्यकाल में देश को विकास की नई दिशा मिली। उन्होंने औद्योगिक विकास, शिक्षा और वैज्ञानिक संस्थानों की स्थापना के माध्यम से आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी।
पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला ने कहा कि पंडित नेहरू ने देश की आजादी के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया और कई वर्ष जेल में बिताए। स्वतंत्रता के बाद उन्होंने आनंद भवन जैसी करोड़ों रुपये की संपत्ति देश को समर्पित कर दी। उन्होंने कहा कि आज की राजनीति में जनसेवा के बजाय व्यक्तिगत हितों को प्राथमिकता दी जा रही है, जो चिंता का विषय है।
कार्यक्रम में पीसीसी सदस्य उपेंद्र थापली, जाखन पार्षद सुमेंद्र बोहरा, पूर्व पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता, अरशद, जगपाल गुसाईं, नागेंद्र उनियाल, भगवती प्रसाद कुकरेती, तेजपाल रौथाण और वसीम खान सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान शहर कांग्रेस ने मसूरी विधायक गणेश जोशी की आय से अधिक संपत्ति तथा मंत्री रेखा आर्य से जुड़े कथित भ्रष्टाचार और 210 करोड़ रुपये के घोटाले की जांच की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान भी शुरू किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैनर पर हस्ताक्षर कर निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। पार्टी के अनुसार यह अभियान 19 नवंबर तक प्रदेशभर में चलाया जाएगा। इसके बाद उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा के नेतृत्व में हस्ताक्षरयुक्त बैनर राज्यपाल को सौंपकर जांच की मांग की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *