शिक्षा के साथ संस्कारों का संदेश, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान – Waqt Ki Nazar

शिक्षा के साथ संस्कारों का संदेश, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

मसूरी,। महात्मा योगेश्वर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज का वार्षिकोत्सव एवं पूज्य मां सर्वेश्वरी का अवतरण दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष ज्योतिप्रसाद गैरोला मुख्य अतिथि तथा नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी और नेहा जोशी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां शारदा एवं मां सर्वेश्वरी के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मनोज रयाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों के मानसिक, शारीरिक और बौद्धिक विकास के लिए वर्षभर विभिन्न गतिविधियां एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। वार्षिकोत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा और उपलब्धियों को सामने लाने का महत्वपूर्ण अवसर है।

विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष शैलेंद्र कर्णवाल ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। इसके लिए विद्यालय, अभिभावकों और समाज को मिलकर प्रयास करने होंगे।

इस अवसर पर बोर्ड परीक्षाओं सहित विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। हाईस्कूल में आशीष, स्नेहा और सुधांशु नौटियाल को क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। वहीं इंटरमीडिएट कला वर्ग में हरमन, शीतल एवं विनीत, विज्ञान वर्ग में अजय, शालिनी एवं आशीष कुमार तथा वाणिज्य वर्ग में हर्षिक, विवेक एवं रजत खरोला को क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। कला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया।

मुख्य अतिथि ज्योतिप्रसाद गैरोला ने कहा कि विद्या भारती से संबद्ध विद्यालय शिक्षा के साथ महापुरुषों के प्रति सम्मान, माता-पिता एवं गुरुजनों के आदर और आदर्श नागरिक बनने के संस्कार प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से इन संस्कारों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि नेहा जोशी ने कहा कि वार्षिकोत्सव विद्यालय की वर्षभर की उपलब्धियों और विद्यार्थियों की प्रतिभा का प्रतीक है। नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने विद्या भारती से संबद्ध विद्यालयों में शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रभावना को दिए जा रहे महत्व की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों से श्रेष्ठ नागरिक बनने के साथ समाज और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार रहने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मसूरी विधायक एवं प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने ऑनलाइन माध्यम से विद्यालय के इंटरैक्टिव पैनल का उद्घाटन किया। छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक मदनमोहन शर्मा ने अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर प्रबंध समिति के सदस्य चंद्र प्रकाश गोदियाल, अशोक अग्रवाल, मनमोहन कर्णवाल, जैजैवंती कर्णवाल, रश्मि कर्णवाल, माधुरी शर्मा, मोहन पेटवाल और अरविंद सेमवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *