मसूरी,। एमपीजी कॉलेज में विद्यार्थियों के लंबित परीक्षा परिणामों और उनमें व्याप्त त्रुटियों के निराकरण के लिए शुक्रवार को विशेष परीक्षा परिणाम सुधार शिविर आयोजित किया गया। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के परीक्षा ओएसडी प्रो. राजेंद्र सिंह फर्त्याल की देखरेख में आयोजित शिविर में करीब 150 से 200 प्रकरणों पर सुनवाई की गई। शिविर में प्रो. फर्त्याल ने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर उनके परीक्षा परिणामों से जुड़ी समस्याओं और लंबित प्रकरणों को गंभीरता से सुना। उन्होंने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि सभी मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. शालिनी गुप्ता ने विश्वविद्यालय के परीक्षा ओएसडी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए महाविद्यालय स्तर पर पिछले कई दिनों से तैयारियां की जा रही थीं। इसके तहत संबंधित दस्तावेजों और अभिलेखों का परीक्षण कर उन्हें व्यवस्थित किया गया। उन्होंने इस पहल में वर्तमान छात्रसंघ की सकारात्मक भूमिका की भी सराहना की। प्राचार्य ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 के करीब 125 से 150 विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम विभिन्न कारणों से लंबित थे। शिविर में इनसे संबंधित मामलों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी शुक्रवार को शिविर में अपनी समस्या प्रस्तुत नहीं कर पाए हैं, वे अगले तीन से चार दिनों के भीतर महाविद्यालय पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करवा सकते हैं। शिविर में डॉ. तुषार कंडारी, डॉ. रुचि बडोनी सेमवाल, डॉ. वर्षा, मैत्रेयी, दीपिका टैंक और डॉ. दिनेश जैसाली सहित छात्रसंघ अध्यक्ष विद्यांत थापली, महासचिव आशुतोष जोशी, अन्य छात्रसंघ पदाधिकारी, आकाश पडियार और खुशी उपस्थित रहे।