देहरादून। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 10 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक हस्ताक्षर अभियान और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के माध्यम से कांग्रेस प्रदेश की जनता के बीच भाजपा सरकार को घेरने की तैयारी में है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 10 से 18 नवंबर तक प्रदेश के सभी जिला, महानगर, ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटियों के माध्यम से विशेष हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, गणेश जोशी और धन सिंह रावत के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर जनता के हस्ताक्षर जुटाए जाएंगे। कांग्रेस इन आरोपों को लेकर हस्ताक्षरयुक्त पंपलेट और बैनर भी तैयार करेगी, ताकि सरकार के खिलाफ पार्टी का पक्ष आम जनता तक पहुंचाया जा सके।
अभियान के तहत एकत्र किए गए हस्ताक्षरयुक्त बैनर और पंपलेट 20 नवंबर तक प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में जमा कराने होंगे। इसके बाद 23 नवंबर को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी की मौजूदगी में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से राजभवन तक पदयात्रा निकालेंगे। इस दौरान हस्ताक्षरयुक्त बैनर और पंपलेट राज्यपाल को सौंपकर भाजपा सरकार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।
वहीं, 25 से 30 नवंबर तक प्रदेश के सभी जिला एवं महानगर कांग्रेस मुख्यालयों में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। इन कार्यक्रमों के जरिए कांग्रेस भाजपा सरकार पर लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपों को जनता के बीच उठाएगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पार्टी के सभी जिला, महानगर, ब्लॉक एवं नगर अध्यक्षों के साथ वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों, वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों, प्रदेश पदाधिकारियों तथा अग्रिम संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।
गोदियाल ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार सहित जनहित से जुड़े कई मुद्दों पर सरकार की जवाबदेही तय करना जरूरी है। कांग्रेस जनता की आवाज को मजबूती से उठाते हुए सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी जिला एवं विधानसभा प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रमों का समन्वय करते हुए अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कार्यक्रमों के आयोजन से संबंधित समाचार पत्रों की कतरनें प्रदेश कांग्रेस कार्यालय को उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया गया है।
अब देखना होगा कि कांग्रेस का यह हस्ताक्षर अभियान प्रदेश की राजनीति में कितना प्रभाव डालता है और सरकार इन आरोपों पर क्या प्रतिक्रिया देती है।