प्रभारी अग्निशमन अधिकारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार – Waqt Ki Nazar

प्रभारी अग्निशमन अधिकारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

देहरादून,  विजिलेंस की टीम ने कोटद्वार फायर स्टेशन में तैनात प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अधिकारी ने लैंसडाउन, पौड़ी गढ़वाल स्थित एक होटल की अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण पत्र (फायर एनओसी) जारी करने के एवज में शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। बुधवार, चार नवंबर को सतर्कता सेक्टर देहरादून की ट्रैप टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी अधिकारी को शिकायतकर्ता से छह हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता का लैंसडाउन, जनपद पौड़ी गढ़वाल में होटल है। होटल की अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त करने के लिए वह संबंधित विभाग के संपर्क में था। आरोप है कि इस दौरान फायर स्टेशन कोटद्वार के प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी ने एनओसी जारी करने के एवज में उससे 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। अधिकारी द्वारा रिश्वत मांगे जाने से परेशान शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत सतर्कता विभाग से की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विजिलेंस ने प्रकरण की गोपनीय जांच कराई। जांच के दौरान रिश्वत मांगने संबंधी शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाई गई और मामला ट्रैप कार्रवाई के योग्य पाया गया। गोपनीय जांच में शिकायत की पुष्टि होने के बाद सतर्कता विभाग ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू की। इस संबंध में थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में अभियोग पंजीकृत कराया गया। इसके बाद आरोपी अधिकारी को रिश्वत लेते हुए पकड़ने के लिए सतर्कता सेक्टर देहरादून की ट्रैप टीम ने योजना तैयार की।
विजिलेंस टीम ने शिकायतकर्ता के माध्यम से आरोपी अधिकारी तक रिश्वत की रकम पहुंचाने की रणनीति बनाई। बुधवार को टीम ने नियोजित तरीके से कार्रवाई करते हुए कोटद्वार में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी को शिकायतकर्ता से छह हजार रुपये की उत्कोच धनराशि ग्रहण करते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *