नई टिहरी । ऋषिकेश बदरीनाथ हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा हुआ है। जहां तीनधारा क्षेत्र में एक पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर अलकनंदा नदी में जा गिरा। वाहन में 3 लोग सवार बताए जा रहे हैं। फिलहाल, एसडीआरएफ की टीम नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। साथ ही वाहन चालक और सवारों की जानकारी जुटाई जा रही है।
दरअसल, टिहरा जिला कंट्रोल रूम से एसडीआरएफ यानी राज्य आपदा मोचन बल को सड़क हादसे की सूचना मिली। जिसमें बताया गया कि तीनधारा क्षेत्र में सैनिक होटल के पास एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर नदी में गिर गया है। बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन में 3 लोग सवार थे, जो लापता चल रहे हैं।
सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर सावर सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचने पर रेस्क्यू टीम ने देखा कि वाहन नदी में गिर चुका है, लेकिन दिखाई नहीं दे रहा। इसके साथ ही ढालवाला पोस्ट से एसआई दीपक जोशी के नेतृत्व में भी टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
फिलहाल, घटनास्थल पर पहुंचकर एसडीआरएफ की टीमें मौके पर राफ्ट और डीप डाइविंग के माध्यम से गहन सर्च ऑपरेशन चला रही है। हालांकि, वाहन में तीन लोग सवार बताए जा रहे हैं, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है कि वास्तव में तीन लोग थे या इससे ज्यादा। साथ ही इसकी भी जानकारी नहीं मिल पाई कि कौन और कहां के लोग थे?