लाखों रुपयों की साइबर ठगी का अनोखा प्लान, पुलिस भी रह गई हैरान

साइबर ठगों ने ठगी का ऐसा अनोखा प्लान बनाया कि पुलिस भी हैरान रह गई। पीड़ित की  शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बेटे का दोस्त बताकर व्यक्ति से 9.40 लाख ठगने के आरोपी को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के खिलाफ देशभर में कई शिकायतें हैं। अब तक 35 लाख रुपये की ठगी का पता लग चुका है। वह पाकिस्तान, दुबई और सऊदी में रहने वाले लोगों के वेतन को भारतीय मुद्रा में बदलकर भारतीय खातों में भेजने का झांसा देकर भी धोखाधड़ी करता था। एसएसपी एसटीएफ आयुष अग्रवाल ने बताया कि बीते जून में पटेलनगर निवासी एक व्यक्ति को किसी का फोन आया था।

फोन करने वाले ने बताया कि वह उनके बेटे का दोस्त बोल रहा है। वह भी कनाडा में उनके बेटे के साथ रहता है। खुद का नाम सरब बताते हुए युवक ने कहा कि वह भारत में जमीन खरीदना चाहता है। इसलिए उसने 15 लाख रुपये उनके खाते में जमा किए हैं। इसका उसने एक मैसेज भी उन्हें भेज दिया।

व्यक्ति को यकीन हो गया। इसके कुछ दिन बाद फोन आया कि वह ढाई लाख रुपये एक टैक्सी ड्राइवर को भेज दें उसकी मां की तबीयत खराब है। उन्होंने यह रकम जमा कर दी। इसके बाद फिर से किसी न किसी बहाने से उनसे पैसे जमा कराता रहा। कुल मिलाकर उनसे 9.40 लाख रुपये ठग लिए। उनकी शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने जांच की और फिर मुकदमा दर्ज कर लिया।

खातों और मोबाइल नंबर की जांच करते हुए आरोपी धर्मेंद्र निवासी लोसेल, दतारामगढ़, सीकर राजस्थान को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से बैंक पासबुक और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। साइबर थाने के सीओ अंकुश मिश्रा ने बताया कि आरोपी से अन्य घटनाओं को लेकर भी जानकारी जुटाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *