रुद्रप्रयाग, केदारघाटी के फाटा क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक बाइक सवार युवक अचानक पुलिया से नीचे गिरकर घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही फाटा पुलिस चैकी की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को रेस्क्यू कर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद एंबुलेंस से उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि पल्सर मोटरसाइकिल (संख्या यूके 13ए 0035) से फाटा बाजार की ओर जा रहा एक युवक अचानक पुलिया से नीचे गिर गया है। सूचना मिलते ही फाटा पुलिस चैकी से पुलिसकर्मी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर घायल युवक को सड़क तक पहुंचाया।
घायल की पहचान प्रकाश (21 वर्ष), पुत्र दल बहादुर, निवासी नेपाल, हाल निवासी मजदूर फाटा के रूप में हुई है। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उसे प्राथमिक उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) फाटा पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग रेफर कर दिया।
चैकी प्रभारी फाटा दिनेश सती ने बताया कि घायल युवक को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र फाटा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं, घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने पुलिया की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। व्यापारियों का कहना है कि पुलिया के ऊपरी हिस्से में पैराफिट नहीं होने के कारण इस तरह के हादसों की आशंका बनी रहती है। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा इंतजामों को पुख्ता करने की मांग करते हुए कहा कि संबंधित विभाग को दुर्घटना की आशंका वाले स्थानों पर तत्काल सुरक्षात्मक उपाय करने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।