आपदा प्रबंधन की परम्परागत विधियों के अभिलेखीकरण और विश्लेषण का प्रयास है ‘आपदा प्रबंधन: परम्पराओं में छुपे राज – Waqt Ki Nazar

आपदा प्रबंधन की परम्परागत विधियों के अभिलेखीकरण और विश्लेषण का प्रयास है ‘आपदा प्रबंधन: परम्पराओं में छुपे राज

लेखक –  पीयूष रौतेला
समीक्षक – डॉ-० उमेश चमोला

उत्तराखण्ड प्राचीन काल से ही आपदा की दृष्टि से संवेदनशील रहा है | प्राचीन काल में आज की तरह नवीन तकनीकी नहीं थी | इसके बावजूद यहाँ के लोगों ने समय – समय पर विभिन्न आपदाओं का कुशलतापूर्वक सामना किया | इसका प्रमुख कारण यहाँ के लोगों के द्वारा अपने अनुभव और अर्जित ज्ञान के आधार पर ऐसी परम्पराओं का विकास किया जाना रहा है जिनमे आपदाओं से निपटने के तरीके समाहित थे | उत्तराखंड के जनमानस द्वारा अपनाई गई इन्हीं परम्पराओं के विश्लेषण का प्रयास किया है पीयूष रौतेला ने अपनी पुस्तक ‘आपदा प्रबंधन : परम्पराओं में छुपे राज’ में |

 पुस्तक में उत्तराखण्ड के जन मानस में व्याप्त धर्म, मान्यता और उन सामाजिक – धार्मिक प्रतिबंधों का उल्लेख किया गया है जो आपदा प्रबंधन की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहीं हैं | यहाँ के पारम्परिक जल संसाधन प्रबंधन, जल स्रोतों से सम्बंधित मान्यताओं; भूकम्प सुरक्षा प्रबंधन, खाध्य सुरक्षा और सड़क सुरक्षा प्रबंधन से सम्बंधित मान्यताओं को आपदा प्रबंधन की दृष्टि से विश्लेषित करने का प्रयास किया गया है |
  पुस्तक में जल संसाधन के अंतर्गत उत्तराखण्ड में पानी के स्रोतों की विशेष बनावट का वर्णन किया गया है | इसमें पहाडी ढाल पर रिसकर निकलने वाले पानी को इकट्ठा करने के लिए चट्टान को काटकर जगह बनाई जाती थी | पत्थर पर तराशे गए विभिन्न जानवरों के मुँह से होकर पानी गिरता था | इनके निकट स्थानीय देवी देवता की स्थापना की जाती थी जिससे भय के कारण यहाँ साफ़ सफाई बनी रहे | भूमिगत जल के संवर्धन शीर्षक में बांज और चीड के जंगल की संरचना को समझाया गया है कि किस प्रकार बांज के जंगल में पानी ढाल पर पूरा बह नहीं पता है | अधिकांश पानी जमीन सोख लेती है | इसी प्रकार पानी को ऊपरी ढाल पर अधिक समय तक रोके रहने के लिए चाल या खाल बनाए जाने के महत्व को समझाया गया है | भूमिगत पानी के भण्डार को जंगलों के माध्यम से बढाने के लिए यहाँ जंगलों को स्थानीय देवी देवता को अर्पित करने की परम्परा ‘देववन ‘ पर भी प्रकाश डाला गया है |
 उत्तराखण्ड के पहाडी क्षेत्रों में नौलों और गहरे कुओं के डिजाइन यहाँ के जन मानस के जल संरक्षण के अद्भुत ज्ञान के उदाहरण हैं | भू स्खलन प्रबंधन के अंतर्गत जंगल के ऊपर गूल बनाने के महत्व पर प्रकाश डाला गया है जिससे बस्ती के क्षेत्र  में पानी प्रवेश ही न करने पाय | सीढीदार खेत और उनके रखरखाव को मृदा संरक्षण और भूस्खलन प्रबंधन के सन्दर्भ में समझाया गया है |  भूकंप सुरक्षित निर्माण की कला के अंतर्गत मजबूत चट्टानी क्षेत्र में बसासत, पक्की बुनियाद और दीवारों में सटीक जोड़ के लिए विभिन्न आकर और नाप के पत्थरों के उपयोग पर प्रकाश डाला गया है | खाध्य सुरक्षा शीर्षक में उत्तराखण्ड में प्रयुक्त मिश्रित खेती, बारानाजी पद्धति, फसल चक्र और खाध्य प्रसंस्करण को समझाया गया है | पुस्तक में स्थान – स्थान पर विषयवस्तु के अनुरूप चित्रों का समावेश भी किया गया है | आपदा प्रबंधन से सम्बंधित तकनीकी शब्दों के स्थान पर आम जन में प्रचलित शब्दों का प्रयोग किया गया है | अत: पुस्तक आपदा प्रबंधन के क्षेत्र के अध्येताओं के साथ – साथ आम पाठक के लिए भी उपयोगी है | पुस्तक प्राचीन काल से चली आ रही परम्पराओं के विश्लेषण हेतु वैज्ञानिकों का ध्यान आकृष्ट करती है | यह आपदा प्रबंधन की परंपरागत विधियों के अभिलेखीकरण और वर्तमान युग की आवश्यकताओं के अनुरूप इनमे परिष्कार हेतु भी एक दृष्टि देती है |
प्रकाशक – आपदा न्यूनीकरण एवं प्रबंधन केंद्र उत्तराखण्ड सचिवालय देहरादून, उत्तराखण्ड |
मूल्य – ८० रुपए |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *