देहरादून, नेस्ले इंडिया ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में मजबूत प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी की कुल बिक्री 20.5 प्रतिशत बढ़कर 6,782.2 करोड़ रुपये पहुंच गई, जबकि कर पश्चात लाभ (पीएटी) 36.3 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1,026.8 करोड़ रुपये रहा। कंपनी के निदेशक मंडल ने तिमाही के वित्तीय नतीजों को मंजूरी दे दी है। कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक मनीष तिवारी ने बताया कि सभी उत्पाद समूहों में मात्रा के आधार पर दोहरे अंकों में वृद्धि दर्ज की गई। ब्रांडों को मजबूत बनाने के लिए विज्ञापन और विपणन पर खर्च 46 प्रतिशत बढ़ाया गया, जबकि एबिटा मार्जिन 23.8 प्रतिशत पर बना रहा। उन्होंने कहा कि खाद्य महंगाई और कच्चे माल की बढ़ती लागत के बावजूद कंपनी नवाचार, उत्पादों में सुधार और परिचालन दक्षता बढ़ाने पर ध्यान दे रही है।