भारतीय मानक ब्यूरो, देहरादून द्वारा विश्व मानक दिवस 2026 समारोह का आयोजन – Waqt Ki Nazar

भारतीय मानक ब्यूरो, देहरादून द्वारा विश्व मानक दिवस 2026 समारोह का आयोजन

बुधवार को भारतीय मानक ब्यूरो, देहरादून शाखा कार्यालय द्वारा विश्व मानक दिवस 2026 के अवसर पर होटल रीजेंटा, मोहबेवाला, देहरादून में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “सतत विकास लक्ष्य–7: सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा” पर केंद्रित कार्यक्रम में उद्योग जगत, औद्योगिक संगठनों, ज्वेलरी क्षेत्र तथा BIS के लाइसेंसधारकों सहित 200 से अधिक प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में देहरादून के महापौर श्री सौरभ थपलियाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सुश्री रुचि मोहन रयाल, अपर सचिव, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। श्री अनुपम द्विवेदी, संयुक्त निदेशक, उद्योग विभाग सहित इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA), इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड, PHDCCI तथा UIWA के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा को प्रोत्साहित करने, ऊर्जा दक्षता बढ़ाने तथा नवीकरणीय ऊर्जा प्रौद्योगिकियों के उपयोग को बढ़ावा देने में भारतीय मानकों की भूमिका के प्रति जागरूकता विकसित करना था। इस अवसर पर Exide, Microtek, Novateur तथा Mochiko के विशेषज्ञों ने स्वच्छ एवं किफायती ऊर्जा से संबंधित विषयों पर विस्तृत प्रस्तुतियाँ दीं। प्रस्तुतियों में ऊर्जा से संबंधित आधुनिक तकनीकों, ऊर्जा दक्षता तथा सतत विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने में गुणवत्ता और मानकीकरण के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम के दौरान उद्योग संगठनों, ज्वेलरी एसोसिएशन, प्रमुख BIS लाइसेंसधारकों तथा BIS मेंटरों को गुणवत्ता पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण, मानकों के प्रचार-प्रसार और गुणवत्ता संस्कृति को प्रोत्साहित करने में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य उद्योगों और हितधारकों को गुणवत्ता, उपभोक्ता सुरक्षा तथा मानकों के अनुपालन के प्रति और अधिक प्रेरित करना था।
श्री हेमंत आड़े, निदेशक एवं प्रमुख, BIS देहरादून शाखा कार्यालय ने भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा अनुपालन प्रक्रियाओं को सरल बनाने, उद्योगों के लिए ईज ऑफ कम्पलाएंस को बढ़ावा देने तथा हॉलमार्किंग व्यवस्था में किए जा रहे नवीनतम सुधारों और अन्य महत्वपूर्ण पहलों की जानकारी दी। उन्होंने भारतीय मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन, BIS प्रमाणन एवं हॉलमार्किंग के माध्यम से उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा तथा उद्योगों में गुणवत्ता के उच्च स्तर को सुनिश्चित करने के लिए ब्यूरो द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा तक व्यापक पहुंच सुनिश्चित करने, ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने और पर्यावरण के अनुकूल प्रौद्योगिकियों के विकास के लिए गुणवत्ता मानकों का प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है। उद्योगों, सरकारी विभागों, मानक विशेषज्ञों और उपभोक्ताओं के सामूहिक प्रयासों से ही सतत विकास के लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सकता है।
विश्व मानक दिवस 2026 का यह आयोजन गुणवत्ता, नवाचार, ऊर्जा दक्षता और सतत विकास के प्रति BIS की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है तथा उद्योग जगत एवं अन्य हितधारकों के साथ सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *