रुद्रप्रयाग में भाजपा की बूथ सशक्तिकरण कार्यशाला आयोजित, कैबिनेट मंत्री बोले – बूथ कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत*

रुद्रप्रयाग : भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में बूथ सशक्तिकरण को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने की।
कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने की रणनीति पर चर्चा की।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और संगठन की वास्तविक शक्ति बूथ स्तर का कार्यकर्ता है। केंद्र व राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे ऐतिहासिक एवं जनोपयोगी कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी बूथ समितियों के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाई जानी चाहिए, ताकि समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को भी सरकार की योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव में भाजपा को भारी बहुमत से विजयी बनाने के लिए बूथ स्तर पर मजबूती से कार्य करने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक मंडल में बैठकें आयोजित की जाएंगी। मंडल अध्यक्ष अपने-अपने शक्ति केंद्रों पर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की टोली बनाकर बूथ समितियों की बैठक, सत्यापन और बूथ मैपिंग का कार्य करेंगे।
जिला सह प्रभारी रघुबीर बिष्ट ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी दी। वहीं प्रदेश महिला मोर्चा आईटी संयोजक रजना चतुर्वेदी ने सरल ऐप के माध्यम से बूथ समितियों के सत्यापन, ऐप डाउनलोड, बूथ स्तर पर व्हाट्सऐप ग्रुप बनाने और समिति सदस्यों की सही जानकारी अपडेट करने को लेकर मार्गदर्शन दिया।
कार्यशाला में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, कार्यक्रम के जिला संयोजक राय सिंह राणा, पूर्व जिलाध्यक्ष महावीर पंवार, शकुंतला जगवाण, दायित्वधारी विजय कप्रवान, चंडी प्रसाद भट्ट, जिला महामंत्री अरुण चमोली, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुमन जमलोकी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष आशीष कंडारी, तिलवाड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष विनिता देवी सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, जिला एवं मंडल पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *