मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को विधानसभा में पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय हीरा सिंह बिष्ट के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हीरा सिंह बिष्ट का जीवन जनसरोकारों के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने छात्र राजनीति से शुरुआत कर ग्राम प्रधान, ब्लॉक प्रमुख, विधायक और मंत्री के रूप में जनसेवा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय बिष्ट श्रमिकों और मेहनतकश लोगों के अधिकारों के लिए सदैव संघर्षरत रहे। पृथक उत्तराखंड राज्य आंदोलन से लेकर प्रदेश के विकास तक उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। श्रम, परिवहन और तकनीकी शिक्षा जैसे क्षेत्रों में भी उन्होंने उल्लेखनीय कार्य किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका निधन प्रदेश के राजनीतिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है और जनसेवा के प्रति उनका समर्पण सदैव याद किया जाएगा।