देहरादून, विद्यालयी शिक्षा विभाग के अंतर्गत आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए राज्य सरकार ने 2.50 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत कर दिया है। जनपदवार आवंटित बजट खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन, खिलाड़ियों के भोजन, यात्रा तथा खेल सुविधाओं पर खर्च किया जाएगा। साथ ही गत वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों के व्यय बिलों के भुगतान का भी बजट में प्रावधान किया गया है।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक राज्य स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए राज्य सरकार ने 2.50 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। आवंटित बजट में वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु खेलों के आयोजन, खिलाड़ियों का भोजन, यात्रा तथा खेल सुविधाओं के लिए जनपदवार रुपये 1,35,60,000 (एक करोड़ 35 लाख 60 हजार) की धनराशि जारी की गई है।
जबकि वित्तीय वर्ष 2025-26 में राष्ट्रीय स्तर पर खेलों में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों पर हुए व्यय के लिए रुपये 1,11,00,000 (एक करोड़ ग्यारह लाख) की भी व्यवस्था की गई है, ताकि विगत वर्ष के व्यय बिलों का भुगतान किया जा सके।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि खेलकूद प्रतियोगिताओं हेतु स्वीकृत बजट के तहत अल्मोड़ा जनपद को 10,42,500, बागेश्वर को 7,79,400, चमोली 10,65,600, चम्पावत 9,28,800, देहरादून 16,88,000, हरिद्वार 7,08,200, नैनीताल 13,26,000, पौड़ी 12,74,300, पिथौरागढ़ 8,32,100, रुद्रप्रयाग 5,20,600, टिहरी 7,63,500, ऊधम सिंह नगर 19,33,000 तथा उत्तरकाशी जनपद के लिए 6,98,000 रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
इसमें प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए 30 लाख 60 हजार रुपये की धनराशि की व्यवस्था की गई है। साथ ही भोजन मद में 55 लाख तथा प्रतिभागियों के यात्रा व्यय के लिए 50 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। शेष राशि खेल प्रतियोगिताओं का वार्षिक कैलेंडर जारी होने के बाद आवंटित की जाएगी।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि राज्य स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं में 10 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं द्वारा प्रतिभाग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं हेतु बजट आवंटित किए जाने से खिलाड़ियों को पर्याप्त खेल सुविधाएं मुहैया कराई जा सकेंगी, जिससे वे बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे और राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकेंगे।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का कहना है कि राज्य सरकार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रयास है कि प्रदेश के विद्यार्थियों को विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा निखारने के पर्याप्त अवसर मिलें। सरकार ने राज्य स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए 2.50 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन व खिलाड़ियों की सुविधाओं में बजट की कमी आड़े नहीं आएगी।