देहरादून, एशिया में डांस स्पोर्ट्स के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए, वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ एक्रोबेटिक डांसेज एंड डांस स्पोर्ट्स (डब्लूएफएडीएस) ने नेशनल फेडरेशन ऑफ एक्रोबेटिक्स एंड डांस स्पोर्ट इंडिया (एनएफएडीआई) के सहयोग से 8 मई 2026 को नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में भारत में पहली बार डब्लूएफएडीएस एशियन चैंपियनशिप कप 2026 का आयोजन किया। यह ऐतिहासिक पहल भारत में बड़े स्तर पर एक्रोबेटिक रॉक एंड रोल और एक्रो स्विंग जैसे रोमांचक डांस स्पोर्ट्स की शुरुआत का प्रतीक बनी, जिसमें खेल कौशल और कलात्मक अभिव्यक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस भव्य आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री आशीष सूद उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मंथन जिम्नास्टिक्स अकादमी से गौरव एवं खुशबू ने विशिष्ट अतिथि के रूप में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में विशेष अतिथियों के रूप में भाजपा पंजाब के उपाध्यक्ष बिक्रमजीत सिंह चीमा, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पंजाब विधानसभा के पूर्व सदस्य एच.एस. फूलका तथा मनोज सेठी भी उपस्थित रहे। इस चैंपियनशिप से पूर्व 4 से 7 मई 2026 तक मंथन जिम्नास्टिक्स अकादमी में एशिया ट्रेनिंग एवं इंडिया नेशनल्स सिलेक्शन कैंप आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण शिविर में विश्वप्रसिद्ध चैंपियन स्वेतलाना गवरिलोवा एवं अलेक्सी गवरिलोव, ओल्गा स्बिटनेवा एवं इवान युदिन, इगोर विंकोविक तथा एलेक्स डेली ने भारतीय खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया, जिससे खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों से सीखने का दुर्लभ अवसर प्राप्त हुआ। इस आयोजन में उत्तराखंड, महाराष्ट्र, झारखंड, राजस्थान, चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश सहित देशभर से 120 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।