देहरादून, स्वास्थ्य, शिक्षा और आजीवन सीखने के क्षेत्र में कार्यरत अंतरराष्ट्रीय गैर-सरकारी संगठन एसएनजे चैरिटेबल ट्रस्ट ने देहरादून में अपने नए डिजिटल लर्निंग सेंटर के उद्घाटन की घोषणा की है। इसका औपचारिक शुभारंभ एवं प्रेस मीट सोमवार, 12 जनवरी 2026 को दोपहर 3रू00 बजे, देहरा दून क्लब में आयोजित की जाएगी। यह पहल “सक्सेस एंड जॉय” के दर्शन के माध्यम से जीवन में परिवर्तन लाने की ट्रस्ट की दो दशक लंबी यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
इस अवसर पर कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे। गणेश जोशी, पर्यावरण राज्य मंत्री, उत्तराखंड सरकार, को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। वहीं यूनाइटेड किंगडम से विशिष्ट अतिथि के रूप में एंजेला बिर्च और नीना जुल्का, अध्यक्ष, एसएनजे चैरिटेबल ट्रस्ट, कार्यक्रम में शामिल होंगी। नीना जुल्का कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिजिटल डिवाइड को पाटने और आने वाली पीढ़ी को गरीबी के बंधनों से मुक्त करने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की ट्रस्ट की दूरदृष्टि साझा करेंगी।
वर्ष 2004 में भारत और यूके में पंजीकृत एक स्वयंसेवक-आधारित पारिवारिक चैरिटी के रूप में स्थापित एसएनजे चैरिटेबल ट्रस्ट ने समाज के उपेक्षित वर्गों के सपनों को साकार करने की एक मजबूत विरासत बनाई है। ट्रस्ट कुष्ठ रोग कॉलोनियों में रहने वाले परिवारों, घरेलू कामगारों के बच्चों और मानव तस्करी से पीड़ित लोगों को महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करता है। शिक्षा और पेशेवर प्रशिक्षण के लिए आर्थिक सहायता देकर, जिसे ये लोग स्वयं वहन नहीं कर सकते, एसएनजे ने कई युवा महिलाओं को मार्गदर्शन प्रदान किया है, जो आज डॉक्टर, नर्स और वकील बनकर समाज की सेवा कर रही हैं।