रुद्रपुर, खुशियों के माहोल के बीच घर तके शादी की तैयारियां चल रही थी। वहीं बरेली में दुल्हन पक्ष बारात के स्वागत का इंतजार कर रहा था। इसी बीच शादी से ठीक एक दिन पहले दूल्हा अचानक लापता हो गया। बुधवार रात से उसका मोबाइल फोन भी बंद आने लगा।
गुरुवार को बारात नहीं पहुंची तो युवती पक्ष के सामने असमंजस की स्थिति पैदा हो गई। घटना से आक्रोशित युवती पक्ष के लोग देर रात रुद्रपुर कोतवाली पहुंच गए और पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
पुलिस के अनुसार, प्रीत विहार निवासी युवक का विवाह बरेली की युवती से तय हुआ था। गुरुवार को बरेली में शादी होनी थी। दोनों परिवारों में विवाह की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं।
बताया जा रहा है कि बुधवार रात शादी से एक दिन पहले युवक अचानक कहीं चला गया। स्वजन ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। उसका मोबाइल फोन भी बंद मिला।
उधर, बारात का इंतजार कर रहे युवती पक्ष को जब दूल्हे के गायब होने की जानकारी मिली तो उनके होश उड़ गए। खुद को ठगा महसूस कर रहे युवती पक्ष के लोग गुरुवार देर रात रुद्रपुर कोतवाली पहुंचे और एसएसआई खुशवंत सिंह से मुलाकात की। पुलिस ने दूल्हा पक्ष के स्वजन को भी कोतवाली बुला लिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक हुई। युवती पक्ष का कहना था कि इस घटना से समाज में उनकी बेइज्जती हुई है। उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग की।