आईटीसी-2026 में विश्वास डावर ने साझा किया तकनीकी नेतृत्व और नवाचार का दृष्टिकोण

देहरादून,  उत्तराखंड बुनियादी ढांचा निगरानी परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डावर ने रूस के मॉस्को क्षेत्र स्थित प्रतिष्ठित पैट्रियट एक्सपो में आयोजित तीसरी अंतर्राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी कांग्रेस (आईटीसी-2026) को संबोधित किया। 8 से 10 सितंबर तक आयोजित इस अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में 40 से अधिक देशों के 800 से ज्यादा वक्ताओं और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कांग्रेस में डीपटेक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्वायत्त प्रणालियों, साइबर सुरक्षा और भविष्य की तकनीकों सहित विभिन्न क्षेत्रों में वैश्विक सहयोग और नवाचार पर चर्चा हुई।
डावर ने अपने मुख्य संबोधन में तकनीकी नेतृत्व, सीमा-पार नवाचार और मजबूत वैश्विक प्रौद्योगिकी पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण को लेकर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि तेजी से बदलती तकनीकी दुनिया में विभिन्न देशों के बीच सहयोग, ज्ञान का आदान-प्रदान और नवाचार को बढ़ावा देना महत्वपूर्ण है। उन्होंने भविष्य की तकनीकों को वैश्विक विकास और आर्थिक प्रगति से जोड़ने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। डावर ने कहा कि आईटीसी-2026 ने नवोन्मेषकों, प्रौद्योगिकी विशेषज्ञों, उद्यमियों और दूरदर्शी विचारकों को एक साझा मंच उपलब्ध कराया। इस मंच पर डीपटेक और भविष्य की प्रौद्योगिकियों के साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय तकनीकी सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ। उन्होंने कहा कि ऐसे अंतर्राष्ट्रीय आयोजन विभिन्न देशों को अपनी तकनीकी क्षमता प्रदर्शित करने और संभावित साझेदारियों के नए अवसर तलाशने का अवसर देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *