पिथौरागढ़, धारचूला-गूंजी-लिपुलेख सड़क पर कूलागाड़ के पास क्षतिग्रस्त हुए बेलीब्रिज के कारण बाधित यातायात को शीघ्र सुचारु करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा युद्धस्तर पर कार्य कराया जा रहा है। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई ने बताया कि पुल को तत्काल दुरुस्त करने और यातायात बहाल करने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं की टीमें मौके पर लगातार कार्य कर रही हैं। पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से को दुरुस्त करने तथा आवागमन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज शाम तक पुल से आवाजाही शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि स्थानीय लोगों, यात्रियों एवं आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को आवागमन में परेशानी न हो।उन्होंने बताया कि मुख्य मार्ग को शीघ्र बहाल करने के साथ-साथ एक वैकल्पिक मार्ग तैयार करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में यातायात को सुचारु रखा जा सके। संबंधित अधिकारियों को वैकल्पिक मार्ग को जल्द तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को जल्द से जल्द सामान्य करना है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और मौके पर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्थानीय नागरिकों एवं यात्रियों से अपील की है कि कार्य पूर्ण होने तक प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा जारी यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें और अनावश्यक जोखिम न लें। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा यातायात व्यवस्था को शीघ्र सामान्य करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।