डीजेजेएस की नई शाखा के उद्घाटन समारोह का भव्य आयोजन

देहरादून, ब्रह्मज्ञान के शाश्वत विज्ञान के माध्यम से वैश्विक शांति स्थापना हेतु एक और महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाते हुए, दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान (डीजेजेएस) द्वारा नई दिल्ली के नारायणा विहार में एक नए आश्रम का शुभ उद्घाटन किया गया। यह नवीन केंद्र नारायणा विहार, नई दिल्ली-110028 में स्थापित किया गया है। इस भव्य उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा इस शुभ अवसर को श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया। दिव्य गुरु आशुतोष महाराज (संस्थापक एवं संचालक, डीजेजेएस) की कृपा एवं आशीर्वाद से कार्यक्रम का शुभारम्भ पावन वैदिक हवन यज्ञ के साथ हुआ। वैदिक मंत्रों की गूंजती ध्वनियों के मध्य संपन्न हुए इस आध्यात्मिक अनुष्ठान ने सम्पूर्ण वातावरण को पवित्रता, शांति और आध्यात्मिक तरंगों से भर दिया। भावपूर्ण भक्तिमय प्रस्तुतियों ने समारोह को और अधिक दिव्य बनाया। जिससे उपस्थित श्रद्धालु भक्ति की गहराइयों में निमग्न हो गए तथा उनके हृदय एवं मन परमात्मा की ओर उन्मुख हुए। सभा को संबोधित करते हुए, डीजेजेएस प्रतिनिधियों ने शास्त्रों की सनातन ज्ञानधारा को अत्यंत सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानव जीवन का परम उद्देश्य केवल संसारिक उपलब्धियों, भौतिक संपदा, सामाजिक प्रतिष्ठा या संबंधों तक सीमित नहीं है। जीवन का वास्तविक लक्ष्य है- ईश्वर साक्षात्कार, अर्थात् परम दिव्यता से पूर्ण योग। यह परम लक्ष्य केवल युग के पूर्ण सतगुरु की कृपा द्वारा प्राप्त किया जा सकता है, जो ब्रह्मज्ञान रूपी शाश्वत व सनातन दिव्य ज्ञान प्रदान करते हैं। यह दिव्य ज्ञान साधक को अपने अंतर्जगत में परमात्मा का प्रत्यक्ष अनुभव कराता है और उसे ध्यान की आंतरिक यात्रा पर अग्रसर करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *